Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: नाले में मिला दो वर्षीय मासूम का शव, परिवार में मचा कोहराम

 लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: नाले में मिला दो वर्षीय मासूम का शव, परिवार में मचा कोहराम



लखीमपुर खीरी। तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत भैडौरी से रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां दो वर्षीय मासूम बच्चे का शव घर के पास बने नाले में मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।


मृतक की पहचान शुभ (2 वर्ष) पुत्र अंकित शर्मा, निवासी मोतीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभ अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था। रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुछ देर बाद घर के पास बने नाले में उसका शव उतराता मिला, जिसे देखकर परिजनों की चीख-पुकार मच गई।


जानकारी के अनुसार शुभ की मां अंजली की शादी करीब तीन वर्ष पहले अंकित शर्मा से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते वह अपने बेटे शुभ के साथ निघासन क्षेत्र के बंगलहां कुटी स्थित अपनी ननिहाल, ग्राम भैडौरी में रह रही थीं।


घटना की सूचना पर बेलरायां चौकी प्रभारी विशाल सिंह, तिकुनिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


तिकुनिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नाले में गिरने से डूबने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं