अग्निकांडों की रोकथाम को लेकर मानवाधिकार सहायता संघ ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन जौनपुर
अग्निकांडों की रोकथाम को लेकर मानवाधिकार सहायता संघ ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर
जनपद में हाल के दिनों में हुई अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए मानवाधिकार सहायता संघ, जिला इकाई जौनपुर ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराए जाने एवं अग्निशमन मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अग्निकांड की घटनाओं में जन-धन की भारी क्षति हुई है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूर्व नियोजित एवं प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।मानवाधिकार सहायता संघ ने मांग की कि जनपद के सभी कोचिंग संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी व निजी अस्पतालों, मैरिज लॉन, होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, बड़े बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का एक माह के अंदर निष्पक्ष और व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराया जाए।
संगठन ने ऑडिट के दौरान अग्निशमन व्यवस्था, फायर एनओसी, फायर एग्जिट, स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर अलार्म, भवन सुरक्षा मानक, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन योजना की जांच कराने की मांग की।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नोटिस, जुर्माना अथवा सीलिंग की कार्रवाई की जाए तथा बिना फायर एनओसी के संचालित संस्थानों को तत्काल बंद कराया जाए।इसके साथ ही संगठन ने स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन विभाग द्वारा नियमित मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने की मांग रखी।मानवाधिकार सहायता संघ के जिला अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि आम नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर धनराज मिश्र भोले मिश्र संदीप मिश्रा संजय तिवारी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment