लखीमपुर खीरी: बैंक से लिया लोन किसान को पड़ा महंगा, 25 साल बाद जमीन नीलाम होने का आरोप
लखीमपुर खीरी: बैंक से लिया लोन किसान को पड़ा महंगा, 25 साल बाद जमीन नीलाम होने का आरोप!
लखीमपुर खीरी। धौरहरा तहसील के ग्राम लखनिया निवासी एक किसान ने बैंक पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। किसान का कहना है कि उसने करीब 25 साल पहले खेती के लिए बैंक से लोन लिया था, लेकिन बिना किसी नोटिस या सूचना के उसकी जमीन नीलाम कर दी गई।
पीड़ित किसान के अनुसार उसे हाल ही में जानकारी मिली कि उसकी जमीन काफी समय पहले ही नीलाम हो चुकी है। इस बारे में जानकारी लेने के लिए जब वह बैंक पहुंचा तो बैंक अधिकारियों ने बताया कि किसान ने बैंक का बकाया कर्ज जमा नहीं किया था, इसलिए जमीन की नीलामी की गई।
किसान का आरोप है कि उसे न तो किसी प्रकार का नोटिस दिया गया और न ही नीलामी की जानकारी दी गई। उसने यह भी सवाल उठाया कि अगर जमीन नीलाम हुई है तो उससे प्राप्त धनराशि न तो बैंक खाते में दिखाई दे रही है और न ही तहसील कार्यालय में इसकी स्पष्ट जानकारी मिल रही है।
पीड़ित किसान ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। उसका कहना है कि अगर समय रहते उसे जानकारी दी जाती तो वह कर्ज चुका देता और अपनी जमीन बचा सकता था।

Post a Comment