सीडीओ ने विकास भवन कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण।
सीडीओ ने विकास भवन कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण।
लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई — कई अधिकारियों/कर्मचारियों का वेतन अवरुद्ध, स्पष्टीकरण तलब।
श्री न्यूज़ 24 से अयोध्या मंडल ब्यूरो प्रमुख शुकुल बाजार अमेठी से रामधनी शुक्ला
जिलाअमेठीमुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह द्वारा आज विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ द्वारा सर्वप्रथम लघु सिंचाई विभाग कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां सहायक अभियंता लक्ष्मी चन्द्र एवं जुबेर उपस्थित पाए गए, किंतु अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं था तथा पटल सहायकों के मेज पर नाम पट्टिका नहीं लगी थी एवं कर्मचारियों द्वारा आईडी कार्ड धारण नहीं किया गया था। इस पर सीडीओ द्वारा तत्काल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने एवं भविष्य में लापरवाही न होने के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां अधिशासी अभियंता हरिओम श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उनका दिनांक 25 मार्च 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया। साथ ही वित्त एवं लेखा अधिकारी रविंद्र कुमार तथा अवर अभियंता मीनाक्षी के भी अनुपस्थित पाए जाने पर इन दोनों का भी वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय में साफ-सफाई एवं अभिलेखों की स्थिति भी असंतोषजनक पाई गई, जिसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ द्वारा उनका भी दिनांक 25 मार्च 2026 का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यालय में आईडी कार्ड धारण न करने एवं नाम पट्टिका न होने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार त्यागी एवं उनके अधीनस्थ कर्मचारी उपस्थित पाए गए, किंतु कर्मचारियों द्वारा आईडी कार्ड धारण नहीं किया गया था तथा नाम पट्टिका नहीं लगी थी, जिस पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। मत्स्य विभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मत्स्य अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ उपस्थित पाए गए, परंतु अभिलेखों का रखरखाव एवं साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। सीडीओ द्वारा इसे तत्काल सुधारने तथा सभी कर्मचारियों को आईडी कार्ड एवं नाम पट्टिका अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। युवा कल्याण विभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी रीना अनुपस्थित पाई गईं, जिनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यालय में अभिलेखों के समुचित रखरखाव एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ सहायक जमील कादरी अनुपस्थित पाए गए, जिनका दिनांक 25 मार्च 2026 का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया। कार्यालय में अभिलेखों का रखरखाव एवं साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर सुधार के निर्देश दिए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सहायक कर्मचारी अशोक कुमार अनुपस्थित पाए गए, जिनका वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यालय में अभिलेख बिखरे पाए गए एवं कंप्यूटर के तार अव्यवस्थित थे, जिन्हें व्यवस्थित करने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय की स्थिति भी असंतोषजनक पाई गई, जहां अभिलेखों का रखरखाव एवं अनुशासन में कमी पाई गई, जिस पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में प्रेरणा कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया, जहां स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कैंटीन की साफ-सफाई बनाए रखने तथा आयवृद्धि हेतु बेहतर संचालन के निर्देश दिए गए। साथ ही डीसी एनआरएलएम को निर्देशित किया गया कि समूह की महिलाओं को नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ द्वारा उनका भी दिनांक 25 मार्च 2026 का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कार्यालय की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। उपस्थित अधिकारी के समक्ष साफ-सफाई एवं अभिलेखों की खराब स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करें, अपने पटल पर नाम पट्टिका लगाएं तथा अभिलेखों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment