लखीमपुर खीरी सिविल कोर्ट में फायरिंग, चाचा ने भतीजे को मारी गोली
लखीमपुर खीरी सिविल कोर्ट में फायरिंग, चाचा ने भतीजे को मारी गोली!
लखीमपुर खीरी। सिविल कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक अधिवक्ता ने अपने ही सगे भतीजे को गोली मार दी। यह सनसनीखेज घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता जे.के. राज ने किसी आपसी रंजिश के चलते अपने भतीजे पर फायरिंग कर दी। गोली भतीजे के पेट में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कोर्ट परिसर में अचानक हुई इस घटना से वकीलों और आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एएसपी विवेक तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने भी मौके का मुआयना कर जांच के निर्देश दिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल भी मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Post a Comment