इंडो-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, नेपाली युवक 4.90 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार
इंडो-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, नेपाली युवक 4.90 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार
थारू जनजाति क्षेत्र सरियापारा को तस्करों ने बनाया तस्करी का हब, सुरक्षा एजेंसियों ने बढ़ाई सतर्कता
गौरीफंटा खीरी। इंडो-नेपाल सीमा से जुड़े थारू जनजाति क्षेत्र सरियापारा में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीमा चौकी सरियापारा के कार्यक्षेत्र में सीमा स्तम्भ संख्या 745/2 से लगभग 500 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में संयुक्त गश्त के दौरान एक नेपाली युवक को 4.90 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध युवक की जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल निवासी नवीन चौधरी पुत्र बाबूराम चौधरी, निवासी कनरी नेपाल, के पास से 4.90 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान नारकोटिक्स डिटेक्शन डॉग (श्वान दस्ता) ने भी युवक के पास नशीले पदार्थ होने का संकेत दिया, जिसके बाद टीम ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई पूरी की। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए उसे गौरीफंटा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
गौरीफंटा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मादक पदार्थों की तस्करी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने नदी किनारे एवं नेपाल सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों में निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरियापारा समेत थारू क्षेत्र को तस्करों ने धीरे-धीरे तस्करी का सुरक्षित मार्ग बना लिया है, जिस पर अब सुरक्षा एजेंसियां लगातार शिकंजा कस रही हैं।
श्री न्यूज़ 24 अदिति न्यूज़ से यूपी हेड मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट


Post a Comment