Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

श्रमिक दिवस पर अमेठी में गोष्ठी, श्रमिकों को योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी।

श्रमिक दिवस पर अमेठी में गोष्ठी, श्रमिकों को योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी।



सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से श्रमिकों को सशक्त बनाने पर जोर।


अटल आवासीय विद्यालय हेतु चयनित बच्चों के अभिभावकों को मिले स्वीकृति पत्र।


अमेठी, 1 मई

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आज जनपद अमेठी के विकास भवन सभागार में एक भव्य गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा. जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि उपस्थित रहे। उनके साथ जिलाधिकारी संजय चौहान, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अर्पित गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, औद्योगिक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रमिक बंधु मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन के सजीव प्रसारण से हुई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान श्रमिकों के कल्याण हेतु सरकार की प्रतिबद्धता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार एवं श्रमिक हितों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। मा. जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक किसी भी राष्ट्र की आर्थिक रीढ़ होते हैं और उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं—जैसे आवास, शिक्षा, चिकित्सा सहायता एवं पेंशन योजनाओं का उल्लेख करते हुए श्रमिकों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद प्रशासन श्रमिकों के हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें अटल आवासीय विद्यालय योजना, श्रमिक पंजीकरण, मातृत्व लाभ, कन्या विवाह सहायता, चिकित्सा सहायता एवं पेंशन योजनाएं प्रमुख हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ तभी संभव है जब श्रमिक समय से अपना पंजीकरण कराएं और जागरूक रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कैम्प लगाकर श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभान्वित करें। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित अटल आवासीय विद्यालय में चयनित बच्चों के अभिभावकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को नवीन वेज कोड (Wage Code), श्रम कानूनों में हुए बदलाव, सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों तथा उनके अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नए वेज कोड के माध्यम से श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, समय पर भुगतान और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने श्रमिकों को संगठित रहने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी अतिथियों ने श्रमिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


जिला ब्यूरो अमेठी शहर बानो के साथ

कोई टिप्पणी नहीं