लखीमपुर खीरी में कोदी बाबा के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक और होंडा सिटी कार की आमने-सामने टक्कर में वरिष्ठ डॉक्टर गंभीर घायल
लखीमपुर खीरी में कोदी बाबा के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक और होंडा सिटी कार की आमने-सामने टक्कर में वरिष्ठ डॉक्टर गंभीर घायल
श्री न्यूज 24/ अदिति न्यूज मण्डल रिपोर्टर चन्दन सोनी लखनऊ मण्डल लखीमपुर खीरी से
लखीमपुर खीरी।मझगई थाना क्षेत्र के कोदी बाबा के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सलीमाबाद से बम्हनपुर की ओर जा रही बाइक और सामने से आ रही होंडा सिटी कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार वरिष्ठ डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. रजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी ग्राम तिकोना फॉर्म, थाना मझगई, जनपद खीरी आज सुबह अपनी बाइक PB 10 GG 9359 से सलीमाबाद की तरफ से बम्हनपुर जा रहे थे। इसी दौरान बम्हनपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही होंडा सिटी कार UP 15 AE 5522 ने कोदी बाबा के पास अचानक सामने आकर बाइक को टक्कर मार दी।
कार चला रहे पवन कुमार पुत्र राधेश्याम, निवासी ग्राम पटिहन, थाना पलिया, जनपद खीरी बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डॉ. रजीत सिंह उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण वह मौके पर ही तड़पने लगे। वहीं कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने पहले घायल डॉ. रजीत सिंह को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर लिटाया और तुरंत 108 एंबुलेंस व मझगई पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने कार चालक पवन कुमार को भी वाहन से बाहर निकाला और पानी पिलाकर संभाला।
सूचना मिलते ही मझगई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी मझगई भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद डॉ. रजीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके सिर में गंभीर चोट होने के कारण स्थिति नाजुक बनी हुई है। कार चालक पवन कुमार को भी मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मझगई थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की गति काफी तेज थी और ओवरटेक के प्रयास में यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हादसे के बाद कोदी बाबा- बम्हनपुर मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं, क्योंकि एक छोटी सी गलती बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

Post a Comment