स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द! बिल में बेतहाशा बढ़ोतरी से उपभोक्ता परेशान, SDO पर लापरवाही का आरोप
स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द! बिल में बेतहाशा बढ़ोतरी से उपभोक्ता परेशान, SDO पर लापरवाही का आरोप
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई, बिजली काटे जाने से परिवार संकट में
अमेठी। तहसील तिलोई क्षेत्र के मोहनगंज चौराहा भेलाई कला निवासी मो. नाजिम ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनका बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गया है। पीड़ित का आरोप है कि पहले जहां सामान्य बिल आता था, वहीं अब हर महीने लगभग ₹5000 तक का बिल भेजा जा रहा है, जिससे परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
मो. नाजिम के अनुसार विभाग द्वारा पुराने मीटर को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाया गया था। शुरुआत में अधिकारियों ने इसे आधुनिक और पारदर्शी व्यवस्था बताते हुए उपभोक्ताओं को राहत मिलने की बात कही थी, लेकिन मीटर लगने के बाद हालात उल्टे हो गए। बढ़े हुए बिल की शिकायत लेकर जब वह विभागीय कार्यालय पहुंचे तो अधिकारियों ने ₹5000 जमा कराकर मीटर जांच का आश्वासन दिया, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही।
पीड़ित का कहना है कि कई बार शिकायत और गुहार लगाने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उल्टा बिजली कनेक्शन काट दिए जाने से परिवार को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने परिवार की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।मामले से आक्रोशित मो. नाजिम ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर स्मार्ट मीटर की निष्पक्ष जांच कराने और वास्तविक बिजली चालू करने की मांग की है। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के बाद कई उपभोक्ताओं के बिलों में असामान्य बढ़ोतरी देखी जा रही है, लेकिन शिकायतों पर समय रहते सुनवाई नहीं हो रही।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment