अमेठी में पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन, 16.16 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
अमेठी में पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन, 16.16 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
जगदीशपुर में सर्वाधिक तो शाहगढ़ में सबसे कम मतदाता, 682 ग्राम पंचायतों में होगा चुनावी आधार तैयार
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी, आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों के तहत जनपद अमेठी की पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) ज्योति सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के अंतर्गत पुनरीक्षण एवं आवश्यक संशोधनों की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई है।अंतिम प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 16,16,891 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 8,34,064 पुरुष तथा 7,82,827 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रशासन ने मतदाता सूची की प्रतियां संबंधित कार्यालयों, खंड विकास कार्यालयों तथा ग्राम पंचायत कार्यालयों में आमजन के अवलोकन हेतु उपलब्ध करा दी हैं।ज्योति सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 682 ग्राम पंचायतें, 934 मतदान केंद्र तथा 2489 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। पंचायत निर्वाचन की दृष्टि से यह नामावली अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि आगामी चुनावी प्रक्रिया इसी के आधार पर संचालित होगी।
विकास खंडवार आंकड़ों में जगदीशपुर सर्वाधिक मतदाताओं वाला ब्लॉक बनकर उभरा है, जहां कुल 2,04,605 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं शाहगढ़ विकास खंड में सबसे कम 67,544 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा सिंहपुर में 1,71,785, जामो में 1,57,454, बाजार शुकुल में 1,47,835 तथा तिलोई में 1,32,342 मतदाता पंजीकृत हैं।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित कार्यालय से संपर्क कर उसे नियमानुसार संशोधित कराया जा सकता है।
प्रशासन का दावा है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से संपन्न कराया गया है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment