विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां शुरू, ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी का कार्य प्रारंभ
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां शुरू, ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी का कार्य प्रारंभ
जिलाधिकारी एवं निर्वाचन आयोग की प्रेक्षक ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता व सतर्कता के निर्देश
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने की दिशा में जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य मंगलवार से प्रारंभ हो गया। यह कार्य तहसील गौरीगंज स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी के बीच बेंगलुरु से आए अधिकृत इंजीनियरों द्वारा किया जा रहा है। एफएलसी कार्य का निरीक्षण जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक एवं नोडल अधिकारी श्रीमती एथेल रोथांगसुई, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मिजोरम के साथ किया। इस दौरान उन्होंने मशीनों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ एफएलसी कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की तकनीकी जांच अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एफएलसी की समस्त कार्यवाही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी केलकर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment