कोठिया में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, नालियों का गंदा पानी घरों और सड़कों पर
कोठिया में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, नालियों का गंदा पानी घरों और सड़कों पर
मझगई/पलिया-खीरी। पलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोठिया में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गांव की नालियां गंदे पानी से बजबजा रही हैं। हल्की बारिश होते ही नालियों का पानी सड़कों के साथ घरों तक पहुंच जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में जगह-जगह गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि करीब पांच साल से नियमित रूप से सफाई कर्मचारी के नहीं आने के कारण नालियां चोक हो गई हैं। ग्राम पंचायत सदस्य रामचंद्र और ग्रामीण राम औतार राठौर ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था केवल प्रधान के आसपास के क्षेत्र तक सीमित रह जाती है, जबकि अन्य हिस्सों में गंदगी का अंबार लगा है।
ग्रामीणों का दावा है कि गंदगी और जलभराव के कारण गांव में बुखार समेत संक्रामक बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नालियों की सफाई कराकर जलभराव और गंदगी से निजात नहीं दिलाई गई तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
प्रधान बोले—आरोप गलत
ग्राम प्रधान रमाशंकर ने ग्रामीणों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि गांव में नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है।
वहीं ग्राम विकास अधिकारी अनन्या सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।
अब सवाल यह है कि ग्रामीणों की शिकायतों और गांव में दिखाई दे रही जलभराव व गंदगी की स्थिति पर जिम्मेदार विभाग कब प्रभावी कार्रवाई करता है।

Post a Comment