Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का हुआ शुभारंभ, किसानों को मिलेगी सस्ती दर पर दीर्घकालीन ऋण सुविधा।

 मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का हुआ शुभारंभ, किसानों को मिलेगी सस्ती दर पर दीर्घकालीन ऋण सुविधा।



यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ 


अमेठी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, इसके ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग के ‘उर्वरक सेतु’ मोबाइल ऐप, UPCDC मोबाइल ऐप तथा भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद अमेठी के विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड अमेठी शाखा के अध्यक्ष बाल गोविंद द्विवेदी, मुसाफिरखाना शाखा अध्यक्ष रामचंद्र द्विवेदी, जगदीशपुर शाखा अध्यक्ष गुरु प्रसाद तिवारी, इफको क्षेत्राधिकारी अरविंद प्रताप, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अरविंद यादव सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इफको क्षेत्राधिकारी अरविंद प्रताप ने बताया कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत कृषकों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के तहत पात्र किसानों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण मात्र 6 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण अदायगी करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा आगामी पांच वर्षों में लगभग 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि कार्यों के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों एवं पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुलभ बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है। कार्यक्रम में किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, जैव उर्वरक एवं जल विलेय उर्वरकों के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई तथा जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता की स्थिति से अवगत कराया गया।

भारत टैक्सी सेवा से मिलेगा रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा इस अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। यह सहकारी टैक्सी कोऑपरेटिव द्वारा संचालित देश का पहला सहकारी नेतृत्व वाला डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। "सारथी ही मालिक" की अवधारणा पर आधारित इस पहल के माध्यम से चालक स्वयं सदस्य एवं हितधारक बनकर जुड़ेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ चालकों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के ऋण का समय से भुगतान करने वाले आठ किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना किसानों की आर्थिक उन्नति एवं कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र किसानों तक योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से योजना का लाभ उठाकर आधुनिक कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। और संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कराने के भी निर्देश दिए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना किसानों को सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता आधारित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी। किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और अन्य किसानों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों एवं सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहकारिता आधारित इन योजनाओं एवं पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

कोई टिप्पणी नहीं