तीसरी बाढ़ की आहट, ग्रामीणों में खलबली
तीसरी बाढ़ की आहट, ग्रामीणों में खलबली
बनबसा बैराज से करीब 3.11 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना, प्रशासन अलर्ट
निघासन, लखीमपुर खीरी। लगातार हो रही बारिश के बीच एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बनबसा बैराज से करीब 3 लाख 11 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना मिलने के बाद निघासन तहसील प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। सूचना के बाद शारदा नदी से सटे गांवों में ग्रामीणों के बीच हलचल बढ़ गई है।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम यदुवीर सिंह और तहसीलदार देवेन्द्रमणि त्रिपाठी शारदा नदी से सटे गांवों का दौरा कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर जागरूक किया जा रहा है और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
तहसीलदार देवेन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि बाढ़ खंड की ओर से पानी छोड़े जाने की सूचना प्राप्त हुई है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार बारिश और बैराज से पानी छोड़े जाने की सूचना के बीच ग्रामीणों को एक बार फिर बाढ़ की चिंता सताने लगी है। प्रशासन की ओर से हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Post a Comment