फूला के कटोरवा में भागवत कथा का तीसरा दिन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
फूला के कटोरवा में भागवत कथा का तीसरा दिन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
सिंहपुर (अमेठी)। विकास खंड सिंहपुर क्षेत्र के ग्राम कटोरवा, मजरे फूला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा, यज्ञ एवं भंडारे के तीसरे दिन का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के बीच संपन्न हुआ। कथा स्थल पर दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण किया और धर्मलाभ प्राप्त किया।कथावाचक पूज्य लवकुश गौरवानी जी महाराज, श्रीधाम वृंदावन ने तीसरे दिन की कथा में देवी महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति और सदाचार का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मां भगवती की सच्ची आराधना से मनुष्य के जीवन के सभी कष्ट और बाधाएं दूर हो जाती हैं। देवी की कृपा से मन में शांति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे जीवन में सुख, समृद्धि और संतोष प्राप्त होता है।कथा के दौरान भजन-कीर्तन और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन होकर माता रानी का गुणगान करते नजर आए। कई श्रद्धालु कथा सुनते हुए भाव-विभोर हो गए और वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संचार महसूस किया गया।
आयोजन समिति की ओर से कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के आयोजक श्रीमती कलावती एवं मदनचंद्र का परिवार तथा ग्रामवासियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कथा के शेष दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की।इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कथा के आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित हो रहा है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ

Post a Comment