टूटी पुलिया और झाड़ियों से घिरी सड़क बनी खतरा, राहगीरों को हो रही भारी परेशानी
टूटी पुलिया और झाड़ियों से घिरी सड़क बनी खतरा, राहगीरों को हो रही भारी परेशानी
तिलोई,अमेठी
तहसील तिलोई क्षेत्र में समरौता से कमाई विराज को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। इस सड़क पर बनी पुलिया की बाउंड्री पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पुलिया के दोनों किनारों पर मिट्टी भी नहीं भरी गई है, जिसके कारण सड़क का किनारा कमजोर हो गया है और वाहन चालकों को काफी सावधानी के साथ गुजरना पड़ता है।स्थिति को और अधिक गंभीर बनाने वाली बात यह है कि सड़क के दोनों ओर झाड़ियां और कीकर के पेड़ तेजी से फैल गए हैं। इन झाड़ियों के कारण सड़क संकरी प्रतीत होती है और कई स्थानों पर दृश्यता भी कम हो जाती है। खासकर रात के समय या बारिश के मौसम में यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
इस गंभीर समस्या को लेकर अकबरपुर फारसी निवासी महताब खान ने आवाज उठाई है। उन्होंने बताया कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। बावजूद इसके, संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है।महताब खान ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पुलिया की टूटी बाउंड्री का निर्माण कराया जाए, सड़क के किनारों पर मिट्टी डाली जाए और झाड़ियों व कीकर के पेड़ों की साफ-सफाई कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते पहल करे तो राहगीरों को राहत मिल सकती है और संभावित दुर्घटनाओं से भी बचाव हो सकेगा।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ

Post a Comment