आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरण, नए केंद्रों का लोकार्पण व शिलान्यास।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरण, नए केंद्रों का लोकार्पण व शिलान्यास।
श्री न्यूज़ 24 से अयोध्या मंडल ब्यूरो चीफ शुकुल बाजार अमेठी से रामधनी शुक्ला
अमेठी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर में आंगनबाड़ी सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं। इस अवसर पर 69,804 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए, जबकि 2 लाख से अधिक ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस उपलब्ध कराए गए। साथ ही 18,440 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से 3,170 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों एवं 140 बाल विकास परियोजना कार्यालय भवनों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान अमेठी जनपद की 26 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जनपद स्तर पर विकास भवन गौरीगंज के सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान परियोजना गौरीगंज की 40 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को रॉकेट लर्निंग संस्था द्वारा “गोल्ड स्टार” एवं “सिल्वर चमकता सितारा” प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जनपद में 4.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 35 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र में मातृ एवं शिशु पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। वहीं 2.35 करोड़ रुपये की लागत से तिलोई, बहादुरपुर, गौरीगंज एवं बाजार शुकुल में 4 बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालयों का शिलान्यास भी किया गया, जो भविष्य में योजनाओं के बेहतर संचालन एवं निगरानी में सहायक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव, बाल विकास परियोजना अधिकारी गौरीगंज संतोष कुमार गुप्ता, तिलोई की शिवानी दीक्षित, जगदीशपुर की सरिता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न परियोजनाओं की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

Post a Comment