Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

खरीफ 2026: ई-लॉटरी से होगा बीज वितरण, किसानों के लिए ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य।

खरीफ 2026: ई-लॉटरी से होगा बीज वितरण, किसानों के लिए ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य।



अमेठी। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने जनपद के किसानों के लिए खरीफ 2026 हेतु बीज वितरण व्यवस्था में बड़े बदलाव की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से बीज वितरण की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से “पहले आओ-पहले पाओ” प्रणाली समाप्त कर दी गई है। अब किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी, जिसके बाद लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह चयन प्रक्रिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी। इच्छुक किसान खरीफ 2026 के अंतर्गत धान, अरहर, उर्द, मूंग, डैचा, श्री अन्न (ज्वार, बाजरा, कोदो, रागी) सहित दलहनी व तिलहनी मिनीकिट बीज तथा संकर धान एवं संकर ज्वार जैसे बीजों के लिए आवेदन कर सकते हैं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान विभागीय वेबसाइट कृषि दर्शन-1 पोर्टल (https://agriculture.up.gov.in) पर स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत किसान ही बीज के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के जरिए किया जाएगा।

चयनित किसानों को अपने संबंधित विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर मिनीकिट बीज निःशुल्क प्राप्त होगा, जबकि सामान्य अनुदानित बीज के लिए निर्धारित कृषक अंश जमा करना होगा। यह व्यवस्था सामान्य बीज वितरण और मिनीकिट बीज वितरण दोनों योजनाओं पर समान रूप से लागू रहेगी। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे समय से ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी, विकास खंड स्थित राजकीय बीज भंडार या कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं।



जिला ब्यूरो अमेठी शहर बानो के साथ

कोई टिप्पणी नहीं