पत्रकार पर मुकदमे को लेकर सियासी बवाल!
पत्रकार पर मुकदमे को लेकर सियासी बवाल!
सपा नेत्री गुंजन सिंह का एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच न होने पर आंदोलन की चेतावनी
अमेठी
जनपद में पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर मंगलवार को सियासी घमासान तेज हो गया। समाजवादी पार्टी की नेत्री गुंजन सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान गुंजन सिंह ने आरोप लगाया कि पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय को उनकी निष्पक्ष और बेबाक पत्रकारिता के कारण राजनीतिक दबाव और व्यक्तिगत रंजिश के तहत झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक पत्रकार का नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र के मूल्यों से जुड़ा हुआ है।उन्होंने कहा कि यदि पत्रकारों को इस तरह निशाना बनाया जाएगा तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला माना जाएगा। प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों को किसी दबाव में नहीं, बल्कि निष्पक्षता और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय के खिलाफ दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि यदि जांच में आरोप निराधार पाए जाते हैं तो मुकदमे को समाप्त कर फाइनल रिपोर्ट लगाई जाए, ताकि निर्दोष व्यक्ति को न्याय मिल सके।
गुंजन सिंह ने कहा कि इस घटना से पत्रकार समाज में असहजता और भय का माहौल पैदा हो रहा है, जो स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।अंत में सपा नेत्री ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ

Post a Comment