अमेठी में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का पहला दिन सम्पन्न, 75 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
अमेठी में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का पहला दिन सम्पन्न, 75 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
अमेठी। जनपद अमेठी में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न हुआ। तीन दिनों तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा के पहले दिन 75 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
पहले दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रत्येक पाली में 2640 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। पहली पाली में 2640 में से 1969 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 671 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में 2003 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 637 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल मिलाकर पहले दिन 3972 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1308 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की गई थी। साथ ही ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया, ताकि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ

Post a Comment