बरौली गुरु में टूटी नाली से हादसे का खतरा, आंगनबाड़ी में निर्माण पर उठे सवाल; पुरे रूड़ीलाल में हैंडपंपों की अनदेखी
बरौली गुरु में टूटी नाली से हादसे का खतरा, आंगनबाड़ी में निर्माण पर उठे सवाल; पुरे रूड़ीलाल में हैंडपंपों की अनदेखी!
अमेठी, 4 अप्रैल:
जनपद अमेठी के बरौली गुरु गांव में हाल ही में बनी नाली के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक साल पहले पीली ईंट और बालू से बनी यह नाली अब कई जगहों से टूट चुकी है और एक स्थान पर ढक्कन भी टूटा पड़ा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह रास्ता गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है और यहां से गुजरते समय अनजान लोग, खासकर बाइक सवार, गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित जिम्मेदारों से नाली की मरम्मत और ढक्कन लगवाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र में भी निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि लगभग पांच वर्ष पहले बने शौचालय को फिर से तोड़कर दोबारा निर्माण कराया जा रहा है। इससे आंगनबाड़ी आने वाले छोटे बच्चों को शौचालय उपयोग के लिए असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें रास्ते में दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
इसी क्रम में ग्राम पुरे रूड़ीलाल में पेयजल व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। यहां लगभग 24 इंडिया मार्का हैंडपंप मौजूद हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी नियमित सर्विस नहीं कराई जाती। कागजों में मरम्मत और देखरेख दर्शाई जाती है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य नजर नहीं आता।
ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
रिपोर्टर: संजय श्रीवास्तव


Post a Comment