अमेठी में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, गर्भवती महिला समेत चार घायल
अमेठी में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, गर्भवती महिला समेत चार घायल
खबर:
अमेठी जनपद के इन्हौना थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे गोसाई मजरे चिलौली गांव में आज एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सफेदा का पेड़ गिरने को लेकर हुए झगड़े में एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक आठ माह की गर्भवती महिला सहित चार लोग घायल हो गए।
पीड़ित राम नरेश द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने उनकी पत्नी उर्मिला, बेटों सोनू और मोनू तथा बहू संगीता को लाठी-डंडों और बेल्ट से मारा-पीटा। संगीता आठ माह की गर्भवती बताई जा रही हैं, जिन्हें पेट में चोट लगने से दर्द की शिकायत है। अन्य घायलों को भी विभिन्न स्थानों पर चोटें आई हैं।
बताया गया है कि राम नरेश का सफेदा का पेड़ पड़ोसी राम किशोर के खेत में गिर गया था। पेड़ हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद कहासुनी बढ़ गई। तहरीर के अनुसार, इसी के बाद राम किशोर तथा कुछ अन्य अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे और मारपीट की घटना हुई।
घटना आज दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ

Post a Comment