वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर मंथन, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर मंथन, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश।
अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील गौरीगंज स्थित एनआईसी में लोक निर्माण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रचलित योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सड़कों, सेतु, भवन निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की प्रस्तावित कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नवनिर्माण कार्य, सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, लघु एवं दीर्घ सेतु निर्माण, भवन कार्य, हेलीपैड निर्माण, विशेष मरम्मत तथा ब्लैक स्पॉट संबंधी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान जनपद अमेठी में लोक निर्माण विभाग से संबंधित विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता सहित लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे। वहीं विधान परिषद सदस्य गोविन्द नारायण शुक्ला एवं विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।
राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उपलब्ध कराई गई प्राथमिकताओं के आधार पर वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को शीघ्र अंतिम रूप देकर शासन को प्रेषित किया जाए, जिससे जनपद में विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके
मंडल ब्यूरो चीफ शुकुल बाजार अमेठी से रामधनी शुक्ला की बड़ी खबर

Post a Comment