लखीमपुर खीरी के थाना मझगई से बड़ी खबर: हाईवे किनारे पेड़ से लटका मिला 35 साल के सुखदेव का शव, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
लखीमपुर खीरी के थाना मझगई से बड़ी खबर: हाईवे किनारे पेड़ से लटका मिला 35 साल के सुखदेव का शव, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
श्री न्यूज 24/ अदिति न्यूज मण्डल रिपोर्टर चन्दन सोनी लखनऊ मण्डल लखीमपुर खीरी से
पत्नी का छलका दर्द- "मानसिक हालत ठीक नहीं थी, अब कैसे पलेंगे बच्चे"
पुलिस बोली- परिजनों ने नहीं लगाया आरोप, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
थाना मझगई, लखीमपुर खीरी। पलिया-निघासन स्टेट हाईवे पर शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 35 वर्षीय युवक का शव पेड़ से अर्धनग्न अवस्था में लटका मिला। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के गांव कोदी बाबा निवासी सुखदेव के रूप में हुई, जो बृहस्पतिवार सुबह से रहस्यमय हालात में लापता था।
सुबह 10 बजे निकला, फिर नहीं लौटा घर
मृतक की पत्नी कुसमा देवी ने बताया कि सुखदेव बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। दोपहर तक वापस न आने पर परिवार और पड़ोसियों के साथ हर जगह तलाशा, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं लगा। रातभर आंखों में आंसू और दिल में अनहोनी की आशंका लिए परिवार जागता रहा।
हाईवे पर लटकी मिली लाश, मच गया कोहराम
शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूर पलिया-निघासन हाईवे पर राहगीरों ने पेड़ से एक शव अर्धनग्न हालत में लटका देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर शिनाख्त कराई। जैसे ही खबर कोदी बाबा पहुंची, सुखदेव के घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी कुसमा और चार मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मानसिक संतुलन ठीक नहीं था" - पत्नी कुसमा
बिलखती कुसमा देवी ने बताया, "कुछ दिनों से इनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। बृहस्पतिवार सुबह बिना बताए चले गए। अब किसके सहारे जिएंगे हम? चार-चार छोटे बच्चे हैं, कैसे होगी परवरिश? कलेजा फटा जा रहा है।"
थाना प्रभारी बोले - कोई आरोप नहीं
थाना प्रभारी अनिल कुमार पंकज ने बताया कि हाईवे किनारे कोदी बाबा निवासी सुखदेव का शव पेड़ से लटका मिला था। प्रथम दृष्टया मृतक मानसिक रोगी था। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मौत की असल वजह पीएम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।
गांव में पसरा मातम, उठे कई सवाल
35 साल के सुखदेव की संदिग्ध मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। हाईवे किनारे अर्धनग्न हालत में शव मिलने से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। क्या यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई साजिश? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

Post a Comment