खेत में विवाद के दौरान दंपति पर हमला, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
खेत में विवाद के दौरान दंपति पर हमला, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
लखीमपुर खीरी, 14 मई 2026।
जनपद लखीमपुर खीरी के थाना खमरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साहब नगर में खेत में बांध (बांग्ला) चढ़ाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद विपक्षी पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी, जिसमें एक महिला के साथ अभद्रता करने तथा उसका हाथ खींचने का आरोप भी लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में मोजी लाल और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना नजदीकी थाने में दी गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ित परिवार ने गुरुवार, 14 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और न्याय की मांग की।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment