छह महीने से खराब पड़ा समरसेबल, पानी के लिए तरस रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहमऊ
छह महीने से खराब पड़ा समरसेबल, पानी के लिए तरस रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहमऊ
अमेठी के तिलोई विकास खंड में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल, सीएमओ पर फोन न उठाने का आरोप
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहमऊ में पिछले करीब छह महीनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र का समरसेबल जल जाने के बाद आज तक उसे सही नहीं कराया गया, जिससे मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र में बने लेट्रिन और बाथरूम केवल नाम मात्र के रह गए हैं, क्योंकि पानी की व्यवस्था न होने से उनका उपयोग करना मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य केंद्र जैसी जरूरी जगह पर पानी की समस्या ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या सुनने को तैयार नहीं हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को करीब 50 बार फोन किए जाने के बावजूद फोन नहीं उठाया गया। कभी मीटिंग में होने तो कभी अन्य कार्यों में व्यस्त होने की बात कहकर मामले को टाल दिया गया।
लोगों का कहना है कि जब एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की यह स्थिति है, तो आम जनता की समस्याओं का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल खराब समरसेबल ठीक कराने, पानी की व्यवस्था बहाल करने और स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment