अमेठी में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
अमेठी में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
अमेठी थाना शिवरतनगंज अंतर्गत ग्राम गुलाबगंज मजरा राजापुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। मृतक के परिजनों ने इसे साधारण सड़क दुर्घटना मानने से इंकार करते हुए सुनियोजित साजिश और हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गुलाबगंज मजरा राजापुर निवासी रामनिवास यादव पुत्र रामपुर ने पुलिस प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि उनका नाती सूरज यादव पुत्र राज नारायण यादव अपनी मां को लेने अपने ननिहाल सरबजीत के बाजार जा रहा था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना बताया जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से सूरज यादव का पीछा करते थे तथा उसे मोबाइल फोन पर लगातार जान से मारने की धमकी भी देते थे। रामनिवास यादव ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि जयराम पुत्र सिद्धनाथ यादव, राम बहरे पुत्र रामसूफल, सचेत मदन पुत्र हौसला प्रसाद तथा सत्येंद्र यादव पुत्र हौसला प्रसाद यादव आए दिन उनके नाती को परेशान करते थे और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते थे।परिवार का कहना है कि सूरज यादव की मृत्यु कोई सामान्य दुर्घटना नहीं हो सकती, क्योंकि घटना से पहले उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए तथा सभी आरोपित व्यक्तियों के कॉल डिटेल, लोकेशन और घटना के समय की गतिविधियों की जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते धमकियों को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment