लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप, कथित वॉइस रिकॉर्डिंग वायरल
लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप, कथित वॉइस रिकॉर्डिंग वायरल
अमेठी । मुसाफिरखाना तहसील में तैनात एक लेखपाल पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले से जुड़ी कथित वॉइस रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के देवकली गांव निवासी इब्राहीम ने जिलाधिकारी अमेठी को शिकायती पत्र देकर लेखपाल गंगा प्रसाद मिश्र पर 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि रिश्वत न देने पर उसके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपनी जमीन गाटा संख्या 30 पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान लेखपाल ने कथित तौर पर गाटा संख्या 20 में अवैध निर्माण का हवाला देते हुए कार्रवाई की धमकी दी और मामला समाप्त करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। इब्राहीम का आरोप है कि आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कहकर जब उसने रकम देने से इनकार किया, तो उसके खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया गया।वहीं, लेखपाल संघ के पूर्व अध्यक्ष गंगा प्रसाद मिश्र ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा था, जिसे रोकने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा एफआईआर दर्ज कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment