गौरीगंज में बिना मान्यता संचालित विद्यालय पर प्रशासन की कार्रवाई, विद्यालय किया गया बंद।
गौरीगंज में बिना मान्यता संचालित विद्यालय पर प्रशासन की कार्रवाई, विद्यालय किया गया बंद।
खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज ने कहा— बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अमेठी/गौरीगंज। विकासखंड गौरीगंज क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजबहादुर सिंह पब्लिक स्कूल, तुलसीपुर, गौरीगंज को बंद करा दिया। यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज अर्जुन सिंह के निर्देशन में की गई, जिसमें राजस्व विभाग एवं शिक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए। खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायतों एवं जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उक्त विद्यालय बिना वैध मान्यता के संचालित किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार गौरीगंज अनुश्री त्रिपाठी एवं खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कराया गया। जांच में विद्यालय में एलकेजी से कक्षा 8 तक लगभग 50 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत पाए गए तथा मौके पर 32 बच्चे उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन से मान्यता संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन विद्यालय के पास आवश्यक मान्यता उपलब्ध नहीं पाई गई। इस पर विद्यालय संचालक/प्रबंधन की ओर से लिखित रूप में यह स्वीकार किया गया कि विद्यालय वर्तमान में बिना मान्यता संचालित किया जा रहा था तथा मान्यता प्राप्त होने तक विद्यालय का संचालन नहीं किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की। विद्यालय में अध्ययनरत 32 बच्चों का प्रवेश नजदीकी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कराया गया है। इनमें प्राथमिक विद्यालय धारूशाह, कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर, कंपोजिट विद्यालय गौरीपुर, कंपोजिट विद्यालय पूरे गौरन, एवं प्राथमिक विद्यालय ओरीपुर सुरौली सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं। शेष बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया भी सुनिश्चित कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की प्राथमिकता बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शिक्षा उपलब्ध कराना है। बिना मान्यता संचालित विद्यालय बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के समान हैं, जिन्हें किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध आगे भी अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक कार्रवाई के अंतर्गत संबंधित विद्यालय परिसर में ताला लगाकर विद्यालय को बंद करा दिया गया है। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं तथा विद्यालय की मान्यता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
जिला ब्यूरो अमेठी शहर बानो के साथ

Post a Comment