केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की सीडीओ ने की समीक्षा
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की सीडीओ ने की समीक्षा
अमेठी। केंद्र सरकार के "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ ने विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाली तीन दिवसीय प्रदर्शनियों एवं 17 से 20 जून तक जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में आयोजित जनपद स्तरीय प्रदर्शनी की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि 14 से 16 जून तक सभी विकासखंडों में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment