मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण: कच्चे घर से पक्के आशियाने तक का सफर, बदल रही ग्रामीण जीवन की तस्वीर।
मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण: कच्चे घर से पक्के आशियाने तक का सफर, बदल रही ग्रामीण जीवन की तस्वीर।
अमेठी। किसी भी परिवार के लिए अपना सुरक्षित और सम्मानजनक घर केवल चार दीवारी नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य, आत्मसम्मान और सामाजिक सुरक्षा का आधार होता है। उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे। इसी सोच को साकार करने के लिए संचालित मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण आज हजारों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियों की नई रोशनी लेकर आई है।
जनपद अमेठी में भी यह योजना ग्रामीण गरीबों, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा प्राकृतिक एवं दैवीय आपदाओं से प्रभावित परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिलाधिकारी संजय चौहान के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन तथा परियोजना निदेशक डीआरडीए ऐश्वर्य यादव के प्रभावी क्रियान्वयन से योजना का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य उन परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है जो किसी कारणवश आवासहीन हैं या अत्यंत जर्जर एवं कच्चे मकानों में जीवन-यापन कर रहे हैं। विशेष रूप से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों, पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित विधवा महिलाओं (18 से 50 वर्ष आयु वर्ग) तथा दिव्यांगजनों को पात्रता के आधार पर योजना से लाभान्वित किया जाता है। वर्ष 2017 से पूर्व इस नाम से कोई योजना संचालित नहीं थी, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने ग्रामीण गरीबों की आवासीय समस्या को गंभीरता से लेते हुए इस योजना को प्रभावी स्वरूप प्रदान किया। परिणामस्वरूप आज हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
जनपद अमेठी में वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक कुल 10,054 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इन आवासों के माध्यम से हजारों परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों की मुस्कान और खुशहाली का प्रतीक है, जिनके जीवन में इस योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी ऐसे अनेक परिवार हैं जो आर्थिक तंगी के कारण वर्षों तक फूस, टिनशेड या जर्जर कच्चे मकानों में रहने को विवश रहते हैं। बरसात के मौसम में टपकती छतें, गर्मी में असहनीय तापमान और सर्दी में पर्याप्त सुरक्षा का अभाव उनके जीवन को कठिन बना देता है। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ऐसे परिवारों के लिए सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत बनकर सामने आई है।
जिलाधिकारी संजय चौहान लगातार योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पात्र लाभार्थियों का चयन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से हो तथा स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। उनके निर्देशन में संबंधित विभागीय अधिकारी नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित कर रहे हैं।
परियोजना निदेशक डीआरडीए ऐश्वर्य यादव द्वारा भी योजना के सफल संचालन के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। लाभार्थियों के चयन से लेकर आवास निर्माण की प्रत्येक प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जाती है ताकि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना का लाभ पहुंच सके। समय-समय पर फील्ड स्तर पर समीक्षा एवं सत्यापन कार्य भी कराया जाता है, जिससे पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।
योजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह केवल एक मकान नहीं देती, बल्कि परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और आत्मविश्वास भी प्रदान करती है। पक्का घर मिलने के बाद बच्चों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होता है, महिलाओं की सुरक्षा बढ़ती है तथा परिवार का सामाजिक सम्मान भी बढ़ता है। अनेक लाभार्थियों ने बताया कि पक्का आवास मिलने के बाद उनके जीवन में स्थिरता आई है और भविष्य के प्रति उनका विश्वास मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का लक्ष्य केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र विकास और जीवन स्तर में सुधार लाना भी है। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण इसी व्यापक दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार सुनिश्चित किया जा रहा है। आज अमेठी में मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की सफलता यह सिद्ध करती है कि यदि शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ क्रियान्वयन किया जाए तो समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक भी विकास का लाभ पहुंचाया जा सकता है। जिलाधिकारी संजय चौहान के नेतृत्व एवं प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रदेश सरकार की संवेदनशील नीतियों के परिणामस्वरूप हजारों परिवारों के जीवन में स्थायी परिवर्तन आया है। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि गरीबों के सपनों को साकार करने का माध्यम बन चुकी है। यह योजना उन परिवारों के लिए आशा, सुरक्षा और सम्मान का नया अध्याय लिख रही है, जिनके पास कभी अपना पक्का घर होने की कल्पना भी कठिन थी। आज अमेठी के हजारों परिवार अपने नए आशियाने में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीते हुए प्रदेश सरकार की जनहितैषी सोच और विकासोन्मुखी नीतियों के साक्षी बन रहे हैं।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment