Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

युवा साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. अंकित मिश्रा ने जिलाधिकारी को भेंट की पुस्तक, डिजिटल सुरक्षा जागरूकता पर हुई चर्चा।

युवा साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. अंकित मिश्रा ने जिलाधिकारी को भेंट की पुस्तक, डिजिटल सुरक्षा जागरूकता पर हुई चर्चा।



साइबर अपराधों से बचाव में सहायक होगी ‘Cyber Security and Legal Compliance’ पुस्तक : जिलाधिकारी।


अमेठी। जनपद के युवा शिक्षाविद्, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. अंकित मिश्रा ने शिक्षा, तकनीकी जागरूकता तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर अमेठी जनपद का गौरव बढ़ाया है। वर्तमान में वह इंडोरामा पब्लिक स्कूल (आईआरपीएस), अमेठी में रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष (एचओडी-केमिस्ट्री) के पद पर कार्यरत हैं तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण वैज्ञानिक शिक्षा के साथ डिजिटल जागरूकता, साइबर सुरक्षा और नैतिक मूल्यों का भी मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

          इसी क्रम में आज डॉ. अंकित मिश्रा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी संजय चौहान से शिष्टाचार भेंट की तथा अपनी लिखित पुस्तक “Cyber Security and Legal Compliance” उन्हें भेंट की। पुस्तक प्राप्त कर जिलाधिकारी ने डॉ. मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों की घटनाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है। ऐसे समय में साइबर सुरक्षा और उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर आधारित यह पुस्तक आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि पुस्तक के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों तथा साइबर फ्रॉड का शिकार होने की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता एवं शिकायत निवारण प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त होगी।

           जिलाधिकारी ने डॉ. मिश्रा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए जनपद में शीघ्र ही साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता विषयक एक विशेष कार्यशाला आयोजित किए जाने का सुझाव दिया, जिससे विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा सके और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रशिक्षित किया जा सके।

          डॉ. अंकित मिश्रा की शैक्षणिक उपलब्धियाँ भी अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने एमएससी, एमटेक, एमबीए (एचआर एवं आईटी) तथा पीएचडी जैसी उच्च शैक्षणिक उपाधियाँ प्राप्त कर शिक्षा जगत में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। शिक्षा एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान को विभिन्न राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय शैक्षणिक मंचों पर सराहा गया है। वह विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीकी चुनौतियों के प्रति भी जागरूक बनाने का कार्य कर रहे हैं।

            साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी डॉ. मिश्रा ने महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने टेक महिंद्रा फाउंडेशन एवं एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा संचालित “स्किल इंडिया डिजिटल हब” कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। इसके अतिरिक्त सिस्को नेटवर्किंग अकादमी एवं गूगल साइबर सिक्योरिटी कार्यक्रम से नेटवर्क सुरक्षा, डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जोखिम प्रबंधन संबंधी उन्नत प्रशिक्षण एवं प्रमाणपत्र प्राप्त किए हैं। विशेष रूप से नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा आयोजित “Emerging Threat Landscape of Cyber Crimes” तथा “Cybercrime Awareness for Police Officers” जैसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूर्ण कर उन्होंने साइबर अपराधों की बदलती चुनौतियों और उनके समाधान संबंधी विषयों में अपनी विशेषज्ञता सिद्ध की है। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उनका ज्ञान और अनुभव विद्यार्थियों, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।

           शिक्षा एवं तकनीकी क्षेत्र के साथ-साथ डॉ. मिश्रा सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह एमएसएसओ अमेठी के जिला उपाध्यक्ष के रूप में समाजहित के विभिन्न कार्यक्रमों में योगदान दे रहे हैं। साथ ही भारत विकास परिषद के “भारत को जानो” अभियान तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अमेठी-जगदीशपुर के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सकारात्मक नागरिक चेतना के विकास हेतु निरंतर कार्य कर रहे हैं।

डॉ. अंकित मिश्रा की शैक्षणिक उत्कृष्टता, साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में विशेषज्ञता तथा समाजसेवा के प्रति समर्पण उन्हें जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनाता है। उनकी उपलब्धियाँ यह दर्शाती हैं कि शिक्षा, तकनीक और सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। जनपद के विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं बौद्धिक संगठनों द्वारा उनके योगदान की सराहना की जा रही है तथा उन्हें युवा पीढ़ी के लिए एक आदर्श व्यक्तित्व के रूप में देखा जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं