अमेठी के मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, शिखा जायसवाल को मिला विशेष सम्मान
अमेठी के मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, शिखा जायसवाल को मिला विशेष सम्मान
अमेठी,। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गौरीगंज में आयोजित किया गया, जिसमें हाईस्कूल के 10 तथा इंटरमीडिएट के 11 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान (आईएएस) रहे। उनके साथ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गौरीगंज की मेधावी छात्रा शिखा जायसवाल को भी सम्मानित किया गया। शिखा ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 में जनपद अमेठी में सातवाँ स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि को कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया गया।सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, पदक तथा प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रोत्साहित करेगी।विद्यालय परिवार ने शिखा जायसवाल की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment