सात सूत्रीय मांगों को लेकर किसान यूनियन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सात सूत्रीय मांगों को लेकर किसान यूनियन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
तिलोई, अमेठी। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के तहसील अध्यक्ष सूरज सिंह के नेतृत्व में किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी तिलोई को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी मारूफ अहमद सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।ज्ञापन में मेहमानपुर निवासी किसान तुलसीराम के मामले में सक्षम अधिकारी के आदेश के बावजूद मेड़बंदी न कराए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। किसान यूनियन ने आरोप लगाया कि आदेश के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की गई, जिससे किसान को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।संगठन ने विकासखंड क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं में मृत गोवंशों को खुले मैदान में फेंके जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न ग्राम सभाओं में कराए जा रहे कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई।ज्ञापन में पन्होना ग्राम सभा की गाटा संख्या 1357, जो राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि दर्ज है, उसे शिकायतों के बावजूद कब्जामुक्त न कराए जाने का आरोप लगाया गया। वहीं पन्होना ग्राम सभा में खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप को शिकायत के बाद भी ठीक न कराए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई।किसान यूनियन ने बनी मौजा गढ़ी महावल में बनी से अहोरवाभवानी को जाने वाले संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति का भी मुद्दा उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मार्ग की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की।
इसके अलावा पन्होना ग्राम सभा में सफाई कर्मियों के नियमित रूप से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाते हुए गांव में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। किसान यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान यूनियन के तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment