दंडेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु 30 आपदा मित्र तैनात
दंडेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु 30 आपदा मित्र तैनात
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी, 17 अगस्त 2026। सावन माह के अवसर पर दंडेश्वर महादेव मंदिर कोछित में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा पूर्व की भांति आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। आपदा मित्रों का प्रमुख दायित्व घाट पर जल भरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा करना, उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकना तथा किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक अमेठी द्वारा सावन के सोमवारों पर दंडेश्वर महादेव मंदिर के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी से आपदा मित्रों की तैनाती का अनुरोध किया गया था। इसके क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा कुल 30 आपदा मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें कई स्थानीय कुशल तैराक शामिल हैं, जबकि अन्य आपदा मित्र प्राथमिक चिकित्सा, राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशिक्षित हैं। आपदा मित्र श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ मंदिर प्रशासन को भीड़ प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं में निरंतर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इससे त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा। जिला प्रशासन द्वारा इन प्रशिक्षित आपदा मित्रों की सेवाओं का उपयोग आगामी सोमवारों एवं अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों में भी किया जाएगा।
आज के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह तथा उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना नितेश राज भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आपदा मित्रों द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सेवा भाव से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा घाटों पर तैनात आपदा मित्रों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन करें।

Post a Comment