स्वतंत्रता दिवस पर 5 किमी क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन, 14 अगस्त तक होंगे पंजीकरण
स्वतंत्रता दिवस पर 5 किमी क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन, 14 अगस्त तक होंगे पंजीकरण
अमेठी। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर जिला खेल कार्यालय, अमेठी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 15 अगस्त 2026 को 5 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 8 बजे होगा, जिसमें पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले बालक-बालिकाओं तथा पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी के इच्छुक पुरुष एवं महिला खिलाड़ी आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ जिला खेल कार्यालय, अमेठी में 14 अगस्त 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। खिलाड़ियों से समय से पंजीकरण कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की गई है। जिला खेल कार्यालय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया है। स्टेडियम परिसर में चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस तथा सुरक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment