उचित दर विक्रेताओं को मुख्यमंत्री का बड़ा उपहार, लाभांश बढ़ाकर 90 से 125 रुपये प्रति कुंतल किया गया।
उचित दर विक्रेताओं को मुख्यमंत्री का बड़ा उपहार, लाभांश बढ़ाकर 90 से 125 रुपये प्रति कुंतल किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ई-पास आधारित फीडबैक प्रणाली का भी किया शुभारंभ, अमेठी की चारों विधानसभाओं में हुआ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के लगभग 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को बड़ी सौगात दी गई है। सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए इसे 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा की। साथ ही सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के अंतर्गत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का जनपद अमेठी की चारों विधानसभाओं—गौरीगंज, अमेठी, जगदीशपुर एवं तिलोई—में सजीव प्रसारण किया गया। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे। इसी प्रकार विधानसभा अमेठी में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, विधायक अमेठी महाराजी प्रजापति एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, विधानसभा जगदीशपुर में विधायक सुरेश पासी तथा ब्लॉक प्रमुख जगदीशपुर एवं विधानसभा तिलोई में ब्लॉक प्रमुख बहादुरपुर सहित संबंधित क्षेत्रों के उचित दर विक्रेता एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम से जुड़े। सभी स्थानों पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब एवं पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न की सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। लाभांश में वृद्धि से विक्रेताओं को आर्थिक संबल मिलेगा तथा वे और अधिक दक्षता के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। डीपीआरसी गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लाभांश वृद्धि का निर्णय उनके आर्थिक हितों को मजबूत करेगा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी उचित दर विक्रेताओं से पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश वृद्धि एवं ई-पास आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ जन वितरण प्रणाली को और अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाएगा। जिलाधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए इस महत्वपूर्ण उपहार के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि लाभांश में वृद्धि से उनके कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी और वे और अधिक उत्साह के साथ जनसेवा कर सकेंगे।

Post a Comment