खैरहनी से प्रथम डाक कांवड़ यात्रा लिलौटीनाथ धाम के लिए रवाना, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
खैरहनी से प्रथम डाक कांवड़ यात्रा लिलौटीनाथ धाम के लिए रवाना, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
निघासन-खीरी। तहसील निघासन क्षेत्र के ग्राम खैरहनी से बुधवार को प्रथम डाक कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ लिलौटीनाथ धाम के लिए रवाना हुई। करीब 50 से अधिक युवकों की टोली बाजे-गाजे के साथ कांवड़ लेकर यात्रा पर निकली। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
यात्रा शुरू होने से पहले कांवड़ियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान भोलेनाथ का नाम लेकर कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया गया। युवाओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों ने भी कांवड़ियों को शुभकामनाएं देकर उनके सकुशल सफर की कामना की।
बताया गया कि खैरहनी से लिलौटीनाथ धाम की दूरी करीब 50 किलोमीटर है। कांवड़िये यह दूरी तय कर लिलौटीनाथ धाम पहुंचेंगे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
बाजे-गाजे और धार्मिक जयकारों के बीच निकली कांवड़ यात्रा से गांव और आसपास का माहौल भक्तिमय हो गया। युवाओं की टोली पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ी। खैरहनी से निकली प्रथम डाक कांवड़ यात्रा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
कांवड़ियों ने कहा कि यह यात्रा भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। सभी की कामना है कि बाबा लिलौटीनाथ की कृपा भक्तों पर बनी रहे और यात्रा सकुशल संपन्न हो।

Post a Comment