पीलीभीत में कृभको का सहकारिता सशक्तिकरण कार्यक्रम, 132 से अधिक किसान हुए शामिल
पीलीभीत में कृभको का सहकारिता सशक्तिकरण कार्यक्रम, 132 से अधिक किसान हुए शामिल
श्री न्यूज़ 24 अदिति न्यूज़ से UP हेड मनोज प्रजापति
पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, मृदा परीक्षण और संतुलित उर्वरक प्रयोग की दी गई जानकारी
पीलीभीत। ग्राम अमरैया खाता, पोस्ट पूरनपुर में 23 सितंबर को कृभको पीलीभीत द्वारा पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी के अंतर्गत सहकारिता सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 132 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केवीके नौरीया के वैज्ञानिक एसएस ढाका रहे। विशिष्ट अतिथि कृभको शाहजहांपुर के क्षेत्रीय प्रभारी आशीष कुमार पटेल सहित प्रगतिशील किसान रामभजन यादव, अतुल यादव, राहुल यादव एवं विपिन भारती मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कृभको क्षेत्र प्रतिनिधि प्रशिक्षु अंशु कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि एसएस ढाका ने किसानों को धान और गेहूं की उन्नत खेती, डीएसआर तकनीक, फसल विविधीकरण, बीज शोधन तथा जिंक एवं अन्य उर्वरकों के संतुलित प्रयोग की जानकारी दी। उन्होंने मृदा परीक्षण, हरी खाद के रूप में ढैंचा एवं सनई की खेती और जैविक खाद के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
क्षेत्रीय प्रभारी आशीष कुमार पटेल ने कृभको उत्पादों, एनपी तरल जैव उर्वरक और रबी फसलों के प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं केबीएसके पूरनपुर के प्रभारी यशपाल सिंह ने प्राकृतिक पोटाश, माइकोराइजा, गेहूं बीज के जैविक उपचार और कम्पोस्ट खाद के प्रयोग के बारे में किसानों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में किसानों ने विशेषज्ञों से कृषि संबंधी सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में यशपाल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment