राघोपुरी में SSB और ग्रामीणों की बैठक, चेकिंग व्यवस्था पर बनी सहमति
राघोपुरी में SSB और ग्रामीणों की बैठक, चेकिंग व्यवस्था पर बनी सहमति
यूपी हेड मनोज प्रजापति श्री न्यूज़ 24 अदिति न्यूज़
स्थानीय ग्रामीणों को बार-बार पहचान पत्र दिखाने से राहत देने का आश्वासन, सीमा सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
राघोपुरी/हजारा, 24 सितंबर। भारत-नेपाल सीमा पर चेकिंग व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों के बीच गुरुवार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ओर से राघोपुरी में ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई। उप कमांडेंट श्री अमनदीप मनहास की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान पर चर्चा की गई।
बैठक में थाना हजारा के एसएचओ, कम्बोज नगर चौकी प्रभारी, कंपनी कमांडर राघोपुरी सहित बैला पंचायत के प्रधान अमरीक सिंह, गुरदेव सिंह प्रशासक, सुखु प्रधान, जसवंत सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि चेक पोस्ट से रोजाना आवागमन करने वाले स्थानीय लोगों को बार-बार आधार कार्ड या पहचान पत्र दिखाने में असुविधा होती है। उन्होंने नियमित रूप से आने-जाने वाले पहचाने गए ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत देने की मांग की।
इस पर SSB अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा और अवैध गतिविधियों की रोकथाम बल की जिम्मेदारी है। स्थानीय एवं नियमित रूप से पहचाने गए ग्रामीणों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए परिस्थितियों के अनुसार बार-बार पहचान पत्र मांगने से बचा जाएगा। हालांकि, सामान की आवश्यक जांच नियमानुसार जारी रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जांच सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत की जाएगी।
थाना हजारा के एसएचओ ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि SSB और पुलिस का उद्देश्य किसी नागरिक को परेशान करना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था एवं सीमा सुरक्षा बनाए रखना है। दोनों एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करेंगी।
SSB ने ग्रामीणों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर विश्वास करने से पहले संबंधित अधिकारियों से तथ्यों की पुष्टि करें। सुरक्षा संबंधी सहायता के लिए ग्रामीण निकटतम चेक पोस्ट अथवा अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। ग्रामीणों ने SSB एवं स्थानीय पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने की बात कही।

Post a Comment