मिशन शक्ति अभियान से 150 से अधिक परिवार टूटने से बचे
मिशन शक्ति अभियान से 150 से अधिक परिवार टूटने से बचे
अमेठी में महिलाओं की शिकायतों पर पुलिस की कार्रवाई, 600 से अधिक
लोगों पर कार्रवाई का दावा
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण में अमेठी पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान काउंसलिंग के माध्यम से 150 से अधिक परिवारों को टूटने से बचाया गया है। साथ ही महिलाओं से छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।उत्तर प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 अक्टूबर 2020 को मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत की थी। वर्तमान में अभियान का पांचवां चरण चल रहा है। जिले में महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण और उन्हें सहायता उपलब्ध कराने के लिए तीन पिंक बूथ तथा 18 मिशन शक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर 68 महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं।
अमेठी पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, एंटी रोमियो अभियान के तहत महिलाओं पर टिप्पणी करने वाले 489 लोगों को समझाकर और चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 34 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त 564 शिकायतों में से 552 का निस्तारण किया जा चुका है। महिला बीट से संबंधित 206 शिकायतों में भी 203 का निस्तारण किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस की महिला कर्मी पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों में काउंसलिंग के जरिए समझौते का प्रयास कर रही हैं। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि पुलिस की काउंसलिंग से कई परिवारों में आपसी मतभेद दूर हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के सभी थानों में मिशन शक्ति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। महिला बीट कांस्टेबल क्षेत्र में जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर रही हैं। एंटी रोमियो टीमें स्कूल, कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी कर रही हैं।

Post a Comment