अमेठी के आईटीआई छात्रों को रक्षा निर्माण की तकनीक सीखने का मौका
अमेठी के आईटीआई छात्रों को रक्षा निर्माण की तकनीक सीखने का मौका
आयुध निर्माण परियोजना कोरबा और राजकीय आईटीआई अमेठी के बीच तीन वर्ष का एमओयू
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी जनपद के आठ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के 150 से अधिक छात्रों के लिए रक्षा निर्माण के क्षेत्र में तकनीकी प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का रास्ता खुल गया है। आयुध निर्माण परियोजना, कोरबा और राजकीय आईटीआई अमेठी के बीच तीन वर्ष के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। यह समझौता आठ सितंबर को किया गया।समझौते के तहत आईटीआई के टर्नर, फिटर और मशीनिस्ट ट्रेड के विद्यार्थियों को रक्षा उत्पादन इकाई में जाकर आधुनिक तकनीक और उत्पादन प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को कोरबा स्थित आयुध निर्माण परियोजना में 15 दिनों तक तकनीकी जानकारी हासिल करने के साथ कार्यशालाओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल कराया जाएगा।इस पहल का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को रक्षा उत्पादन इकाई का भ्रमण कराना नहीं है, बल्कि उनमें रक्षा निर्माण, तकनीकी नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना भी है। प्रशिक्षण के दौरान छात्र औद्योगिक वातावरण में काम करने की प्रक्रियाओं और आधुनिक उत्पादन तकनीकों को समझ सकेंगे।बताया गया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान विद्यार्थियों को हॉस्टल की सुविधा निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, इसके लिए विद्यार्थियों को कोई वजीफा नहीं दिया जाएगा। रक्षा उत्पादन इकाई होने के कारण वहां सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी और विद्यार्थियों को प्रतिबंधित अथवा गोपनीय क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
नोडल प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि यह समझौता विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। इसके माध्यम से छात्र आयुध निर्माण परियोजना में 15 दिनों तक रहकर रक्षा उत्पादन से जुड़ी तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे। इससे आईटीआई विद्यार्थियों को रोजगार और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

Post a Comment