जापान के नागोया में आयोजित एशियाड-2026 के लिए भारतीय नौकायन टीम में हुआ चयन
अमेठी का लाल करेगा कमाल, एशियाड-2026 में भारतीय नौकायन टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे सलमान खान
जापान के नागोया में आयोजित एशियाड-2026 के लिए भारतीय नौकायन टीम में हुआ चयन
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के लिए
अमेठी। जनपद अमेठी के लिए गर्व की बात है कि तिलोई क्षेत्र के पूरे सिंगई खेरौना निवासी सलमान खान का चयन जापान के आई0सी0 प्रान्त के नागोया शहर में आयोजित होने वाले एशियाड-2026 के लिए भारतीय नौकायन (रोइंग) टीम में किया गया है। यह प्रतियोगिता 19 सितम्बर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी। सलमान खान का चयन अमेठी सहित पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। सलमान खान ने वर्ष 2018 में भारतीय सेना की 122 इंजीनियरिंग रेजीमेंट में चयनित होने के बाद खेल जगत में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके खाते में दस राष्ट्रीय पदक दर्ज हैं। इसके अलावा एशियन चैंपियनशिप-2025 में रजत पदक, एशियन रोइंग कप (दक्षिण कोरिया) में स्वर्ण पदक तथा वर्ल्ड रोइंग चैंपियनशिप, नीदरलैंड-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने जैसी उल्लेखनीय उपलब्धियां शामिल हैं। एशियाड-2026 में भाग लेने के लिए भारतीय नौकायन टीम टीम मैनेजर कर्नल आर. रामकृष्णन तथा टीम कोच सूबेदार गुरदर्शन सिंह और विक्रम सिंह के नेतृत्व में जापान पहुंच चुकी है। भारतीय टीम इस बार स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। दूरभाष पर बातचीत के दौरान सलमान खान ने कहा कि टीम का उद्देश्य चीन और उज्बेकिस्तान जैसी मजबूत टीमों को चुनौती देते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने अपनी उपलब्धियों का श्रेय भारतीय सेना में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच एम.ओ. आजाद के मार्गदर्शन को दिया। वर्तमान में सलमान खान भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर कार्यरत हैं। नौकायन के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि अमेठी जनपद के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि जिले में नौकायन खेल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सलमान खान के एशियाड-2026 के लिए चयन पर जिला खेल कार्यालय अमेठी में खुशी का माहौल है। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने उनके चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सलमान की सफलता से जनपद के उभरते खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और वे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित होंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक शिवकुमार मौर्य, अंतरराष्ट्रीय एथलीट सूबेदार राहुल पाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. अब्दुल हमीद, खेल प्रशिक्षक एम.ओ. आसिफ, एम.ओ. नदीम, राकेश कनौजिया, पंकज दूबे, शहादत, राकेश कश्यप, महेन्द्र पाल, एम.ओ. शकील, प्रधानाचार्य रेखा सिंह तथा जितेन्द्र कुमार सहित खेल जगत से जुड़े अनेक लोगों ने शुभकामनाएं दीं। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने विश्वास व्यक्त किया कि सलमान खान एशियाड-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और अमेठी का नाम रोशन करेंगे।



Post a Comment