21 सितंबर को राजकीय आईटीआई गौरीगंज में लगेगा वृहद रोजगार मेला, मॉरीशस में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध
21 सितंबर को राजकीय आईटीआई गौरीगंज में लगेगा वृहद रोजगार मेला, मॉरीशस में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। जिला सेवायोजन अधिकारी अभिनव त्रिपाठी ने बताया कि जनपद के युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत राजकीय आईटीआई, कौशल विकास मिशन तथा जिला सेवायोजन कार्यालय, अमेठी के संयुक्त तत्वावधान में 21 सितंबर 2026 को राजकीय आईटीआई गौरीगंज परिसर में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थियों को रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी तथा अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार एवं योग्यता के आधार पर किया जाएगा। जानकारी के अनुसार 20 से अधिक कंपनियां मेले में प्रतिभाग करेंगी, जहां ₹14,000 से ₹30,000 प्रतिमाह तक के वेतनमान पर रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेले की एक विशेष उपलब्धि यह है कि विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए मॉरीशस में 140 पदों पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपलब्ध विवरण के अनुसार क्लीनर के 50, ऑल राउंडर मेसन के 40, इलेक्ट्रीशियन हेल्पर के 20 तथा पेंट टेक्नीशियन के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए मासिक वेतन लगभग ₹44,564 से ₹50,659 तक निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को मॉरीशस जाने हेतु हवाई टिकट, आवास तथा कार्यस्थल तक परिवहन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। श्री त्रिपाठी ने जनपद के सभी रोजगार इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने समस्त आवश्यक अभिलेखों के साथ 21 सितंबर 2026 को राजकीय आईटीआई गौरीगंज में आयोजित रोजगार मेले में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करें तथा अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।

Post a Comment