लम्पी वायरस से बचाव हेतु जनपद में चल रहा वृहद टीकाकरण अभियान, अब तक 85 हजार गोवंशीय पशुओं का हुआ टीकाकरण
लम्पी वायरस से बचाव हेतु जनपद में चल रहा वृहद टीकाकरण अभियान, अब तक 85 हजार गोवंशीय पशुओं का हुआ टीकाकरण
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पशुपालकों से की टीकाकरण अभियान में सहयोग की अपील
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। जनपद में गोवंशीय पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज (लम्पी वायरस) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जी.के. शुक्ला ने बताया कि जनपद में इस बीमारी की रोकथाम के लिए समय रहते विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति में लम्पी वायरस का संक्रमण जनपद में प्रवेश न कर सके। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी में कुल लगभग 2.20 लाख गोवंशीय पशु हैं, जिनके टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अब तक विभाग को 1.47 लाख वैक्सीन की खुराक प्राप्त हो चुकी हैं। विभागीय टीमों द्वारा युद्धस्तर पर अभियान चलाते हुए अब तक 85 हजार गोवंशीय पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में अभी तक लम्पी वायरस का कोई भी मामला सामने नहीं आया है, जो विभाग द्वारा समय रहते शुरू किए गए सघन टीकाकरण अभियान का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने कहा कि लगभग एक माह पूर्व ही टीकाकरण अभियान प्रारंभ कर दिया गया था, जिससे बीमारी के संभावित खतरे को पहले ही नियंत्रित किया जा सके। डॉ. शुक्ला ने बताया कि टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभाग की 25 विशेष टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी तथा पशुधन प्रसार अधिकारी शामिल हैं, जो प्रतिदिन विभिन्न गांवों में पहुंचकर गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में संचालित 7 पशु एंबुलेंस वाहनों को भी अभियान में लगाया गया है। सभी एंबुलेंस टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन पूर्वाह्न में एक गांव तथा अपराह्न में एक अन्य गांव में शिविर लगाकर वहां के सभी गोवंशीय पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण सुनिश्चित करें। विभाग द्वारा अभियान की सतत निगरानी भी की जा रही है, जिससे शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि लम्पी वायरस एक संक्रामक रोग है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। उन्होंने कहा कि जब भी विभागीय टीकाकरण टीम गांव या घर पहुंचे, तब सभी पशुपालक अपने गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की सक्रिय भागीदारी और विभाग के संयुक्त प्रयासों से जनपद को लम्पी वायरस से सुरक्षित रखा जा सकता है। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र गोवंशीय पशु का टीकाकरण कराकर जनपद में इस बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जाए।

Post a Comment