पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। जिला समाज कल्याण अधिकारी, आरएन यादव ने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन एवं निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि पूर्वदशम (कक्षा 9-10) योजना के तहत सामान्य वर्ग के 1022 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 1757 छात्र-छात्राओं द्वारा आवेदन किए गए हैं। इनमें से सामान्य वर्ग के 234 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 325 आवेदन शिक्षण संस्थान स्तर से अग्रसारित एवं निस्तारित किए जा चुके हैं, जबकि सामान्य वर्ग के 788 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 1432 आवेदन अभी भी संस्थानों की लॉगिन आईडी पर लंबित हैं। इसी प्रकार दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना में सामान्य वर्ग के 654 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 911 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इनमें से सामान्य वर्ग के 44 एवं अनुसूचित जाति वर्ग के 62 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि सामान्य वर्ग के 610 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 849 आवेदन अभी भी शिक्षण संस्थानों के स्तर पर लंबित हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपदीय समिति द्वारा 18 सितम्बर से 22 सितम्बर 2026 तक रिन्यूवल डाटा लॉक किया जाना प्रस्तावित है। इससे पूर्व शिक्षण संस्थानों को अपने स्तर पर लंबित छात्रवृत्ति डाटा का ऑनलाइन सत्यापन एवं निस्तारण करना अनिवार्य होगा। अन्यथा पात्र छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति लाभ से वंचित हो सकते हैं, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान की होगी। उन्होंने सभी संबंधित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रबंधकों से अपील की है कि वे अपनी लॉगिन आईडी पर लंबित समस्त आवेदनों का अगले दो दिनों के भीतर सत्यापन एवं निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को समय से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ प्राप्त हो सके।

Post a Comment