अमेठी में बारिश के बाद दर्दनाक हादसा: कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अमेठी में बारिश के बाद दर्दनाक हादसा: कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी (तिलोई)। थाना शिवरतनगंज क्षेत्र के अंतर्गत महेशपुर (ग्राम पंचायत महिया सुंदरिया) में बारिश के बाद एक बड़ा हादसा हो गया। कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिरने से चारपाई पर बैठी एक मजदूर महिला मलबे में दब गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर मलबा हटाया, लेकिन तब तक महिला की सांसें थम चुकी थीं। इस घटना के बाद मृतक महिला के परिवार में चीख-पुकार मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में हुई बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवार काफी जर्जर हो गई थी। मृतक महिला सुखराजा अपने कच्चे मकान के भीतर चारपाई पर बैठी हुई थीं, तभी अचानक दीवार ढह गई और वह उसके नीचे पूरी तरह दब गईं। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े।
ग्रामीणों ने फावड़े और अन्य साधनों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सुखराजा को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
बेटी के सिर से उठा मां का साया
बताया जा रहा है कि सुखराजा अपनी बेटी महादेई के साथ रहती थीं। हादसे के समय महादेई संयोगवश घर के बाहर थी, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन आंखों के सामने मां का शव देखकर महादेई का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासनिक टीम ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान अजय सिंह और क्षेत्र के लेखपाल राजेश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने तहसील व जिला प्रशासन से पीड़ित बेटी और परिवार को नियमानुसार त्वरित आर्थिक सहायता (मुआवजा) प्रदान करने की मांग की है।

Post a Comment