शारदानगर में दिनदहाड़े लूट से सनसनी
शारदानगर में दिनदहाड़े लूट से सनसनी
बाइक सवार लुटेरे ने ANM के कान से खींचे सोने के कुंडल
ढखेरवा मार्ग पर मचा हड़कंप
मण्डल रिपोर्टर चन्दन सोनी
निघासन लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी। शारदानगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ढखेरवा मार्ग पर लौखनियां-टहारा के बीच बाइक सवार अज्ञात लुटेरे ने महिला स्वास्थ्यकर्मी को निशाना बनाकर उसके कानों से सोने के कुंडल खींच लिए और फरार हो गया। सरेराह हुई वारदात के बाद राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मूल रूप से कौशांबी जनपद निवासी ANM रेखा देवी रायपुर दुलही उप-केंद्र पर तैनात हैं। सोमवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह रायपुर दुलही से सीएचसी रमियाबेहड़ लौट रही थीं। इसी दौरान लौखनियां और टहारा के बीच सुनसान मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बाइक सवार ने झपट्टा मारकर महिला के कानों से सोने के कुंडल खींच लिए। अचानक हुई वारदात से महिला स्वास्थ्यकर्मी घबरा गईं और शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर ढखेरवा की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने महिला को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शारदानगर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से जानकारी ली। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों और मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
दिनदहाड़े वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
ढखेरवा मार्ग पर दिनदहाड़े महिला स्वास्थ्यकर्मी को निशाना बनाए जाने से महिला कर्मचारियों समेत राहगीरों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से मार्ग पर नियमित गश्त बढ़ाने और आरोपी लुटेरे की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है

Post a Comment