अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर झाड़ियों का कब्जा, मंडरा रहा हादसों का खतरा; पीडब्ल्यूडी बेखबर
अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर झाड़ियों का कब्जा, मंडरा रहा हादसों का खतरा; पीडब्ल्यूडी बेखबर
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी। अमेठी से संग्रामपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बरसात के बाद उगी घनी झाड़ियों ने हादसों की राह खोल दी है। सड़क के दोनों ओर फैली बड़ी-बड़ी झाड़ियों के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई जगहों पर झाड़ियां इस कदर फैल चुकी हैं कि सड़क का किनारा तक नजर नहीं आता। मोड़ पर सामने से आ रहे वाहन दिखाई न देने के कारण आमने-सामने की भिड़ंत का अंदेशा बना रहता है। इस व्यस्त मार्ग से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। इसके अलावा, संग्रामपुर स्थित ऐतिहासिक मां कालिका धाम में दर्शन के लिए विशेषकर सोमवार को भोर में तीन बजे से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो जाता है। अंधेरे में झाड़ियों के पीछे से अचानक आवारा मवेशी या जंगली जानवर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे श्रद्धालु और वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि झाड़ियों की छंटाई और सफाई को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जिम्मेदारों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे झाड़ियों की तत्काल कटाई कराई जाए।

Post a Comment