तिलोई में श्रीराम कथा के दूसरे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह और विधायक राकेश प्रताप सिंह ने किया कथा श्रवण
तिलोई में श्रीराम कथा के दूसरे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह और विधायक राकेश प्रताप सिंह ने किया कथा श्रवण
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी (तिलोई): तिलोई में आयोजित नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथा पांडाल में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और विधायक राकेश प्रताप सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की तथा कथा व्यास पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का अमृतपान किया।
यह भव्य आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह के संयोजन में कराया जा रहा है। कथा के आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति और अध्यात्म का वातावरण बना हुआ है।
कथा के दूसरे दिन व्यासपीठ से आचार्य शान्तनु जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जीवन, उनके उच्च आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम रूप से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का सजीव वर्णन किया। उन्होंने कथा के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को धर्म, जीवन मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं का पालन करने का संदेश दिया। कथा के दौरान पूरा पांडाल 'जय श्रीराम' के जयकारों से गुंजायमान रहा और श्रद्धालु भक्ति-रस में लीन नजर आए।
आयोजन स्थल पर राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह और विधायक राकेश प्रताप सिंह के आगमन पर आयोजकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। मंच पर पूज्य संतों, आचार्यों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा में और वृद्धि की।
आयोजन समिति के अनुसार, श्रीराम कथा प्रतिदिन सायंकाल 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आयोजित की जा रही है। समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। आगामी दिनों में महाराज जी द्वारा श्रीराम के बाल्यकाल, जनकपुरी आगमन और अन्य प्रसंगों का मनमोहक वर्णन किया जाएगा।

Post a Comment